एन आई एन,
पिथौरागढ़। चर्चित नन्हीं परी हत्याकांड में न्याय की मांग फिर तेज हो गई है। पीड़िता के पिता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सुप्रीम कोर्ट से मुख्य अभियुक्त के दोषमुक्त होने के मामले में पुनर्विचार याचिका पर कार्रवाई की मांग की है।
पिता ने बताया कि 20 नवंबर 2014 को काठगोदाम में विवाह समारोह से उनकी सात वर्षीय बेटी लापता हो गई थी। पांच दिन बाद उसका शव जंगल में मिला था। पॉक्सो कोर्ट ने मुख्य अभियुक्त को फांसी की सजा सुनाई थी, जिसे हाईकोर्ट ने भी बरकरार रखा था। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य अभियुक्त को दोषमुक्त कर दिया।
पिता ने आरोप लगाया कि सरकार ने पुनर्विचार याचिका दाखिल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर परिवार आंदोलन और प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान शुरू करेगा।