एन आई एन,
पिथौरागढ़। नैनी-सैनी हवाई अड्डे के विस्तार की संभावनाओं के आकलन के लिए गुरुवार को हितधारक परामर्श बैठक आयोजित की गई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से मैसर्स अर्न्स्ट एंड यंग LLP के माध्यम से यातायात संभाव्यता अध्ययन कराया जा रहा है। बैठक में भविष्य में संभावित यात्री संख्या, पर्यटन विकास, सड़क संपर्क, टैक्सी संचालन और होटल सुविधाओं पर चर्चा की गई। अध्ययन के आधार पर हवाई अड्डे के विस्तार, टर्मिनल भवन और अन्य सुविधाओं की जरूरतों का आकलन किया जाएगा।
बैठक में एसडीएम जितेंद्र वर्मा, एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप यादव सहित पर्यटन, होटल, परिवहन और टैक्सी कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए। अध्ययन के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक गोपाल चंद को क्षेत्रीय सर्वेक्षण और समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।