
एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमांत क्षेत्र के गर्खा में आयोजित 10 दिवसीय गर्खा खेल, सांस्कृतिक एवं आजीविका संवर्धन महोत्सव का रंगारंग समापन हुआ। अंतिम दिन लोकगायक दर्शन फर्स्वाण और बेबी प्रियंका के गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। झोड़ा-चांचरी प्रतियोगिता में भागीचौरा की महिला टीम ने पहला और मझेड़ा की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी सहित जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।सांस्कृतिक संध्या में दर्शन फर्स्वाण के 'जय नंदा जय सुनंदा' गीत ने समां बांध दिया।
सांस्कृतिक समिति झूलाघाट के लोकनृत्यों और भावना बोरा की नृत्य प्रस्तुति को भी दर्शकों ने सराहा। बेबी प्रियंका की प्रस्तुतियों पर भी लोग देर रात तक झूमते रहे। बिंदी प्रतियोगिता में पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुनीता कन्याल विजेता रहीं। आयोजक महिमन सिंह कन्याल ने आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों, संयोजक मंडल और सहयोगियों का आभार जताया।