पिथौरागढ़ में डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल ने आज बड़ा बम फोड़ा है। उन्होंने अपनी ही सरकार के डीडीहाट क्षेत्र के एक दर्जा राज्य मंत्री पर क्षेत्र की गरीबों को दी जाने वाली सहायता की फाइलें गायब कर देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने-अपने क्षेत्र में गरीब असहाय और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता दिए जाने के लिए विधायकों को निर्देश दिए थे। इसके लिए 35 लाख रुपए की लिमिट तय की गई थी। उन्होंने डीडीहाट क्षेत्र के कई जरूरतमंद लोगों की फाइलें आर्थिक सहायता के लिए शासन में जमा कराई थी। यह पैसा अप्रैल माह में मिल जाना था मई माह तक भी जब धनराशि नहीं मिली तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया और धरने पर बैठ जाने की चेतावनी दी।
इस पर अधिकारियों ने उन्हें बताया की पिथौरागढ़ के एक दर्जा राज्य मंत्री कुछ फाइले ले गए हैं, जिन पर धनराशि आवंटित नहीं हुई है। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने मामला रखा। विधायक चुफाल ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सरकार दर्जा राज्य मंत्रियों की नियुक्ति इस उद्देश्य से करती है कि वह संगठन को बेहतर करने में मदद देंगे, साथ ही सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंचा कर विधायकों को मजबूत बनाएंगे, लेकिन पिथौरागढ़ के एक दर्जा राज्य मंत्री उल्टा काम कर रहे हैं। वह फाइलें गायब कर विधायक को कमजोर करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने दर्जा राज्य मंत्री को अयोग्य बताते हुए अविलंब पद से हटाए जाने की मांग भी की है।