एन आई एन,
पिथौरागढ़। ऑनलाइन निवेश के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के दो आरोपियों की पहचान की है। आईटीबीपी में तैनात प्रविण सोनबाजी चौरे को टेलीग्राम के इन्वेस्टमेंट ग्रुप के माध्यम से एक वेबसाइट पर निवेश के लिए प्रेरित किया गया और अधिक मुनाफे का झांसा देकर उनसे करीब 19 लाख रुपये ठग लिए गए।
धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अभय सिंह और स्वरूप सिंह निवासी अजमेर, राजस्थान के नाम सामने आए। पुलिस टीम ने राजस्थान जाकर आरोपियों की लोकेशन और पहचान की पुष्टि करते हुए उन्हें धारा 35(3) बीएनएस के तहत नोटिस तामील किया है। पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंड ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम या व्हाट्सएप के निवेश ग्रुपों और अधिक मुनाफे का लालच देने वाली वेबसाइटों से सावधान रहें तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।