एन आई एन,
चमोली। बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्रधारा लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास छई गांव के ऊपर लापता होने की सूचना है। हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों समेत कुल छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही यूकाडा, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई हैं। हेलीकॉप्टर की लोकेशन और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि जोशीमठ के नजदीक छई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखने और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोगों की सुरक्षित वापसी की कामना की है।