
एन आई एन
पिथौरागढ़। ग्रेटर नोएडा में आयोजित आठवीं एलिट वूमेन नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने कांस्य पदक जीत कर जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने 55 किलो भार वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की है। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तराखंड की नौ मुक्केबाजों ने प्रतिभाग किया। जिनमें से आरती धारियाल पदक तालिका में शामिल हो सकी। आरती वर्तमान में स्मॉल खेलो इंडिया सेंटर, देव सिंह मैदान में बॉक्सिंग कोच निखिल महर से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, विधायक मयूख महर, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत प्रशासक दीपिका बोहरा, सहित तमाम खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।