103 वर्ष की आयु में माता मोहनी देवी का निधन
एन आई एन
पिथौरागढ़। नगर के प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डा. जेसी गड़कोटी की माता मोहनी देवी का सोमवार को 103 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर सहित जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आवास टकाना पर पहुंचकर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंगलवार को सुबह करीब 9 बजे उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए स्थानीय रामेश्वर घाट ले जाया जाएगा। उनके ज्येष्ठ पुत्र कैलाश चंद्र गड़कोटी, भास्कर गड़कोटी एवं डा. जेसी गड़कोटी द्वारा मुखाग्नि दी जाएगी।
स्वर्गीय मोहनी देवी अपने सात्विक जीवन और अनुशासित दिनचर्या के लिए जानी जाती थीं। उन्होंने जीवन भर सात्विक भोजन, नियमित योग एवं सादा जीवनशैली अपनाकर स्वयं को स्वस्थ बनाए रखा, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत रहा।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की है।