एन आई एन
पिथौरागढ़। चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की जन्म शताब्दी और चिपको आंदोलन के 52 वर्ष पूरे होने पर चमोली जनपद के रैनी गांव से चली जनजागरण यात्रा आज पिथौरागढ़ पहुंची। स्थानीय लोगों ने मानस एकेडमी के सिटी कैंपस में पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान गोष्ठी का आयोजन हुआ। जिला संयोजक डॉ. अशोक कुमार पंत ने यात्रा दल का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की अवधारणा रखी, उन्होंने कहा कि वृक्षों को काटने से रोकने के साथ ही 10 गुना अधिक वृक्ष भी लगाने होंगे। दल संयोजक सुरेंद्र सुयाल ने घटते वन क्षेत्रफल का मसला उठाते हुए कहा कि राज्य में वनों का दोहन हुआ है। अभियान दल के प्रमुख विजयपाल बघेल ने कहा की वन संरक्षण के लिए सरकार पर निर्भरता न रखकर स्वयं आगे आना होगा। गोष्ठी में पर्यावरण प्रेमी ललित मोहन कापड़ी, पत्रकार दिनेश पंत, भुवन चंद्र जोशी, लक्ष्मी वल्दिया, महेश चंद्र पुनेठा, प्रकाश पुनेठा, किशोर पाटनी सहित तमाम लोगों ने विचार रखे। गोष्ठी की अध्यक्षता बाल विकास बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष गोविंदी कोरंगा ने की। इस दौरान मानस एकेडमी के बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी गयी। कार्यक्रम का समन्वय ललित पंत ने और संचालन योगेश भट्ट ने किया।

error: Content is protected !!