न्यूज़ आई एन

पिथौरागढ़। जिले के गंगोलीहाट विकासखंड के बलीगांव में दिनदहाड़े तेंदुआ महिला और छात्रा पर झपटा। महिला ने हौसले से अपनी और छात्रा की जान बचाई। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है। लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक बुधवार को घात लगाए तेंदुए ने घर के पास ही बलीगांव की तुलसी देवी और छात्रा पूजा पर हमला कर दिया। हमला करते ही महिला ने डरने के बजाय छात्रा को साथ लेकर शोर मचाना शुरू किया और दौड़ पड़ी। उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके की तरफ दौड़े तो तेंदुआ भाग गया और महिला और छात्रा की जान बच सकी। ग्रामीण भगवान सिंह खत्री, नंदन सिंह खत्री, गौरव सिंह खत्री, ग्राम प्रधान दीपा देवी ने बताया कि पिछले कई दिनों से तेंदुआ गांव के आसपास नजर आ रहा है। महिला और छात्रा पर हमले की घटना से ग्रामीणों के साथ ही आसपास के लोग डरे हैं और उनका अकेले घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घटना के बाद तेंदुआ और भी हिंसक हो सकता है। उन्होंने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

error: Content is protected !!