न्यूज़ आई एन

पिथौरागढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को गंगोलीहाट पहुंचे। उन्होंने चार दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भागीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए तमाम घोषणा करते हुए सरकार की उपलब्धियां जनता के सामने रखी। उन्होंने गंगोलीहॉट में ट्रामा सेंटर बनाने, क्षेत्र के विद्यालयों का सुधारीकरण करने, पनार पुल का सौंदर्यीकरण करने, महाविद्यालय में पुस्तकालय खोले जाने जैसी तमाम घोषणाएं की। इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्जवलित कर क्षेत्र के लोगों को जन्माष्टमी पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मेले हमारे सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन मेलों के माध्यम से ही नई पीढ़ी अपनी विरासत से जुड़ती है। मेले लोक कलाकारों को मंच भी प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने मां महाकाली मंदिर परिसर में रुद्राक्ष का पौधा लगाकर एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे बढ़ाया। उन्होंने लोगों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में शामिल हुए। क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने जनता की ओर से माननीय मुख्यमंत्री का आभार जताया। मेला कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक मीना गंगोला, प्रदेश महामंत्री भाजपा अजय, पूर्व विधायक बलवंत भौर्याल, निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष जय श्री पाठक, ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगोला जिलाधिकारी रीना जोशी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी नंदन कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, सीओ परवेज अली सहित सभी विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि गणमान्य लोग आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!