न्यूज़ आई एन

पिथौरागढ़। प्रदेश कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा है कि एप्पल मिशन से उत्तराखंड को सेब उत्पादन में अग्रणी राज्य बनाया जाएगा। इसके लिए तमाम प्रयास चल रहे हैं। रविवार को उन्होंने सेबाग एग्रो प्राइवेट लिमिटेड पौड़ी गढ़वाल के चोपड़ा के कालासन फॉर्म में आयोजित एक सेमिनार में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य में सेब उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं यहां की जलवायु उसके लिए मुफीद है। सरकार इस दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। कई काश्तकार सेब का उत्पादन करने लगे हैं। सहकारिता विभाग की कृषि ऋण योजना के तहत एक हजार सेब के बगीचे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश भर में 17 क्लस्टर बनाए गए है। सेमिनार में पतंजलि योगपीठ के अध्यक्ष आयुर्वेदाचार्य बालकृष्ण ने कहा कि प्रदेश में उद्यान के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए ठोस कार्य योजनाओं की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सेब उत्पादन में लगे काश्तकारों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम में पद्मश्री व वरिष्ठ काश्तकार प्रेमचंद शर्मा, पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा कलासन फॉर्म एवं सेबाग एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि और काश्तकार मौजूद रहे।

error: Content is protected !!