न्यूज़ इंडो नेपाल

पिथौरागढ़।‌ नैनी सैनी हवाई पट्टी से उड़ान शुरू करने बेस अस्पताल में डॉक्टर के पद सृजित कर अस्पताल का संचालन शुरू करने, नगर के कई आंतरिक मार्गो सेना द्वारा अवरोध लगाकर यातायात रोकने और सिकरानी गांव की समस्या का समाधान अभी तक न होने को लेकर विधायक मयूख महर सोमवार को धरने पर बैठ गए। दर्जनों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट परिसर के निकट धरने पर बैठे मयूख महर ने कहा कि पिछले दिनों ऊर्जा निगम द्वारा सिकडानी गांव में उच्च शक्ति की विद्युत लाइन घरों के ऊपर से बिछाई जा रही थी जिसका विरोध ग्रामीण कर रहे थे। ऊर्जा निगम ने गांव के युवाओं के खिलाफ पुलिस में मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उन्हें दी। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों और ऊर्जा निगम के अधिकारियों के बीच समझौता कराया। समझौते में तय हुआ था कि युवाओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएंगे, लेकिन ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने इस समझौते का पालन नहीं किया। पुलिस ने युवाओं को घरों से उठा लिया है। उन्होंने कहा कि एक विधायक की मौजूदगी में हुए समझौते का भी मान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम जब तक माफी नहीं मांगते तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने जिले से हवाई सेवा शुरू करने और बेस चिकित्सालय के में पदों का सृजन करने की मांग भी धरने के माध्यम से उठाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने गृह जनपद के लिए अब तक ऐसा कोई कार्य नहीं किया है जिसका उल्लेख किया जा सके। उन्होंने कहा जब तक मांगे पूरी नहीं होती तब तक धरना जारी रहेगा। वहां पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेंद्र सिंह लुंठी, जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, राष्ट्रीय सचिव ऋषेंद्र महर, महिला मोर्चा अध्यक्ष भावना नगरकोटी, पूर्व जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर, भूवन पांडे, जावेद खान, गौरव महर, दीपक लुंठी, देवा लुंठी, अभिषेक बोरा, प्रधान श्याम सुंदर सिंह सौन, कुंडल महर, नरेंद्र सौन, प्रदीप थापा शहीत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

error: Content is protected !!