
गुरुवार देर शाम घर जाते समय हुआ हादसा
एन आई एन
पिथौरागढ़। गुरुवार देर शाम एक बड़ी ख़बर सामने आई। शाम 7:30 बजे धारीधमौड के निकट स्यूनी मार्ग में एक वेगनार कार सड़क से लगभग 20 मीटर नीचे गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए हैं। तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कार सड़क से नीचे पलट जाने से कार में सवार राजस्व उप निरीक्षक 50 वर्षीय अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई है। बता दें कि मृतक मूल रूप से थरकोट स्थित स्युनी गांव के निवासी थे और राजस्व उप निरीक्षक डीडीहाट की गर्खा पट्टी में तैनात थे। घायल को नीचे से निकाल कर जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया शव का पोस्टमार्टम आज शुक्रवार को किया जाएगा। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है। दुर्घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।