एन आई एन
पिथौरागढ़। सोशल मीडिया की कई स्तरों पर भले ही आलोचना होती हो लेकिन कई मायनों में यह लोगों के लिए काफी मददगार भी साबित हो रहा है। सोशल मीडिया के जरिए 25 वर्ष से लापता एक महिला अपने परिवार से जल्द मिल पाएगी। नेपाल की बुढीगंगा बाजुरा की रहने वाली महिला शांति देवी 25 वर्ष पूर्व लापता हो गई थी। परिवार के लोगों ने कई जगह उनकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं लग सका, परिवार के लोगों ने उन्हें मृत मान लिया था। 2007 में पिथौरागढ़ की सड़कों में घूम रही महिला को पुलिस ने निराश्रित महिला केंद्र में भिजवा दिया। वहां वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिका प्रेरिता गुंज्याल और केंद्र के अधीक्षक रविंद्र कुमार ने महिला की काउंसलिंग कर उसका नाम और पता लगाया। जिसकी जानकारी व फोटो उन्होंने आईएन इंडिया के नवीन जोशी को दी। पिछले दिनों सोशल मीडिया में डाली गई महिला की फोटो उनके परिजनों ने देखी, उनकी बेटी वर्षा शाह ने उन्हें तुरंत पहचान लिया और फोटो अपलोड करने वालों से संपर्क किया। उन्होंने इसकी जानकारी अपने पिता चंद्र बहादुर और भाई भूपेंद्र साह को भी दी। परिवार के लोग अब महिला को वापस ले जाने के लिए जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं। महिला की उम्र इस समय लगभग 70 वर्ष है और महिला विगत वर्ष 2000 से वह पिथौरागढ़ नगर की सड़कों पर घूमती रही। वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से अभी तक कई लोग अपने परिवार से मिल चुके हैं।
