एन आई एन,
पिथौरागढ़। भारत सरकार के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग की सचिव सुकृति लिखी, आईएएस ने रविवार को मुनस्यारी पहुंचकर पूर्व सैनिकों और वीर नारियों से मुलाकात की। कार्यक्रम में सचिव ने वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों को मत्स्य पालन सहित अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर सहकारी संस्था गठित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं एवं पुनर्वास कार्यों पर चर्चा की।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी डीडीहाट कर्नल भूपेंद्र सिंह धामी ने क्षेत्र में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान निदेशक, राज्य सैनिक बोर्ड उत्तराखंड ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह बसेड़ा, सेना मेडल एवं विशिष्ट सेवा मेडल सहित क्षेत्र के पूर्व सैनिक और वीर नारियां मौजूद रहे।