एन आई एन,

पिथौरागढ़। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार से शुरू हुई अंडर-19 बालक वर्ग की जिला स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में दयानन्द इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज, महर्षि विद्या मंदिर और सोरवैली पब्लिक स्कूल ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पहले मैच में दयानन्द ने एशियन एकेडमी को 4-0 से हराया। दूसरे मैच में मिशन इंटर कॉलेज ने हिमालया पब्लिक स्कूल को 3-1 से शिकस्त दी।

तीसरे मुकाबले में महर्षि विद्या मंदिर ने जीआईसी पिथौरागढ़ को 3-0 से हराया, जबकि चौथे मैच में सोरवैली ने स्टेफर्ड पब्लिक स्कूल को 3-0 से पराजित किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश सिंह नेगी और जिला बाल विकास परियोजना अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों की 13 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।







Share on Facebook Share on WhatsApp