एन आई एन,
पिथौरागढ़। निदेशक सैनिक कल्याण उत्तराखंड ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा के प्रथम जनपद भ्रमण पर पहुंचने पर पूर्व सैनिक संगठन पिथौरागढ़ ने उनका स्वागत किया। संगठन कार्यालय में उन्हें स्मृति चिह्न और पुस्तिका भेंट की गई।
इस दौरान संगठन ने जनपद में लंबे समय से लंबित सैनिक विश्रामगृह की मांग उठाई। ब्रिगेडियर बसेड़ा ने जल्द विश्रामगृह उपलब्ध कराने के प्रयासों का भरोसा दिया। नया विश्रामगृह बनने तक पुरानी व्यवस्था दोबारा शुरू करने की मांग पर भी उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संगठन अध्यक्ष मयूख भट्ट ने कहा कि ब्रिगेडियर बसेड़ा के निदेशक बनने से जिले के पूर्व सैनिकों में नई उम्मीद जगी है। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार मेजर दिवाकर बोहरा ने किया। इस दौरान सूबेदार मेजर शंकर सामंत सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।