एन आई एन,
पिथौरागढ़। चारा विकास कार्यक्रम के तहत जिले में पशुपालकों को उन्नत चारा बीज वितरित किए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग के अनुसार, वर्ष 2021-22 में जिले का दुग्ध उत्पादन 1.38 लाख टन था, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1.42 लाख टन हो गया। इसमें चारा बीज वितरण कार्यक्रम की भी अहम भूमिका रही।
विभाग ने वर्ष 2025-26 में रबी सीजन के लिए 9,500 किलो जई और 1,200 किलो बरसीम बीज वितरित किए। खरीफ सीजन में 5,160 किलो मक्का और 1,478 किलो चरी बीज का वितरण किया गया। जिले में पशुपालकों को मांग के अनुसार चारा उपलब्ध कराने के लिए 13 चारा बैंक भी संचालित किए जा रहे हैं। आपदा और चारा संकट के दौरान ये बैंक पशुपालकों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। विभाग के अनुसार, चारा बीज वितरण कार्यक्रम से दुग्ध उत्पादन में तीन से पांच प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।