एन आई एन,
पिथौरागढ़। रामलीला मैदान सोरगढ़ में अखिल भारतीय समानता मंच की बैठक एडवोकेट अजय बोहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यूजीसी कानून 2026, एससी-एसटी एक्ट के कथित दुरुपयोग और आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडेय ने मंच की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि आरक्षण और एससी-एसटी एक्ट को लेकर विभिन्न जातियों के बीच संबंधों में कटुता बढ़ने की चिंता है। उन्होंने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने और एससी-एसटी एक्ट में सुधार के लिए समाज से एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने मंच के प्रयासों की सराहना भी की।
वक्ताओं ने कहा कि अपने अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों के हितों के लिए समाज को संगठित होकर प्रयास करने होंगे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संगठन 13 अक्टूबर को मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजेगा।
बैठक का संचालन एमसी जोशी ने किया। इसमें दयानंद भट्ट, डीएस भंडारी, डॉ. नीरज चंद्र जोशी, महिपाल सिंह डोबाल, सूबेदार मेजर गोविंद सिंह बिष्ट, चंद्रशेखर जोशी और राजीव पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।