पिथौरागढ़ के सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को शोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के तत्वावधान में मानस कॉलेज, पिथौरागढ़ के संयोजकत्व में आयोजित अंतर महाविद्यालयीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने को प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा खेलों के माध्यम से जनपद और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

विभिन्न महाविद्यालयों से आए प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, कोच, गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
मानस कॉलेज के निदेशक देवाशीष पंत ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
