एन आई एन,
पिथौरागढ़। फिल्मकार विनोद कापड़ी की चर्चित फिल्म ‘पायर’ देशभर में रिलीज होने से पहले बेरीनाग में मोबाइल थिएटर के जरिए दिखाई जाएगी। जीआईसी मैदान में 14 से 17 अक्टूबर तक फिल्म के प्रतिदिन तीन शो होंगे। टिकटों की अग्रिम बुकिंग शुरू हो गई है।
फिल्म के सहायक निदेशक दिव्यांशु राठौर ने बताया कि फिल्म की पूरी शूटिंग बेरीनाग और आसपास के क्षेत्रों में हुई है। फिल्म के मुख्य किरदार पदम सिंह और हीरा देवी भी क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। फिल्मकार विनोद कापड़ी का भी यह गृहक्षेत्र है।
पहाड़ों में पलायन के यथार्थ को दर्शाने वाली ‘पायर’ को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराहना मिल चुकी है और फिल्म दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकी है। फिल्म 23 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब विजेता संगीतकार माइकल डाना ने संगीत दिया है, जबकि गीत गुलजार ने लिखे हैं। ग्रामीण पृष्ठभूमि के पदम सिंह और हीरा देवी के अभिनय को भी खूब सराहा गया है।
मोबाइल थिएटर को बैलून थिएटर भी कहा जाता है। इसमें कुछ दिनों के लिए एक स्थान पर अस्थायी वातानुकूलित थिएटर तैयार कर दर्शकों को फिल्म दिखाई जाती है।