10 माह से नहीं मिला वेतन,
एन आई एन,
पिथौरागढ़। सऊदी अरब में करीब 10 माह से वेतन नहीं मिलने और भारत वापसी में परेशानी झेल रहे धारचूला निवासी दिनेश सिंह धामी की मदद के लिए प्रशासन आगे आया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य महेश कुमार वर्मा के पत्र पर एसडीएम आशीष जोशी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का भरोसा दिया।
एसडीएम ने कहा कि प्रकरण को जिलाधिकारी के माध्यम से भारतीय दूतावास तक भेजा जाएगा, ताकि सऊदी अरब के संबंधित प्राधिकरण के समक्ष मामला उठाकर आवश्यक कार्रवाई कराई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि दिनेश धामी को जल्द आवश्यक मदद मिल सके।
दिनेश धामी सऊदी अरब के जुबेल शहर में कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार करीब 10 माह से वेतन नहीं मिलने से परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहीं भारत लौटने में भी उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र पंचायत सदस्य ने मुख्यमंत्री से भी मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। प्रशासन की पहल के बाद परिवार को राहत की उम्मीद जगी है।