एन आई एन,
पिथौरागढ़। बत्यूली गांव निवासी अरुणाचल पुलिस के सिपाही ललित प्रसाद जोशी की रविवार को रामगंगा नदी के त्रिवेणी घाट पर सैनिक सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। ललित का दो दिन पूर्व ईटानगर में हृदयाघात से निधन हो गया था। ललित प्रसाद जोशी 19 वर्ष पूर्व अरुणाचल पुलिस में भर्ती हुए थे और वर्तमान में आईआरबी की तीसरी बटालियन, ईटानगर में तैनात थे। उनके परिवार में पत्नी बबीता जोशी और पुत्र धैर्य जोशी हैं।
पिथौरागढ़ पुलिस की टुकड़ी ने दिवंगत जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बड़े भाई कमल किशोर जोशी ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस जवान मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। निधन पर दीपक जोशी, प्रवीण बोरा, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, विपिन जोशी, प्रेम प्रकाश जोशी, जीवन बोरा और धर्म सिंह बोरा ने शोक जताया।