एन आई एन,

पिथौरागढ़। डॉन बॉस्को स्कूल के वृहद सभागार में शनिवार को पांचवें जनपद स्तरीय सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। महोत्सव में जिले के सभी आठ विकासखंडों से चयनित प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नवाचार का प्रदर्शन किया।

महोत्सव में जलवायु परिवर्तन, अनुकूलन रणनीतियां, आपदा प्रबंधन, प्राकृतिक जल संसाधन एवं संरक्षण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और साइबर हाइजीन जैसे समसामयिक विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह वल्दिया और विशिष्ट अतिथि आरटीओ अभिनव गहतोड़ी ने किया। विद्यालय प्रबंधक फादर संजय कुमार, प्रधानाचार्या सिस्टर अनिता मेंडोंसा, राजेंद्र तिवारी, कवि ललित शौर्य और गायक नानू बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. विकास पंत ने प्रतिभागियों और निर्णायकों को प्रतियोगिता की रूपरेखा व दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।  मुख्य अतिथि वीरेंद्र सिंह वल्दिया ने जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभावों का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम में अकादमिक समन्वयक डॉ. दीपक कापड़ी, वीरेंद्र सिंह कन्याल, सहायक जिला विज्ञान समन्वयक जीवन चंद्र जोशी और राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रवीण सिंह रावल समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन में ललित शौर्य, आनंद मल्ल, दीपक राज जोशी, राजेंद्र खाती, मुकेश उपाध्याय, नीरज कुमार जोशी, अजय गोबाड़ी, ललित धामी, संतोष भट्ट, बीना जोशी, निकांक्षा चंद, जीतेंद्र तिवारी और नानू बिष्ट ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विभिन्न विकासखंडों के समन्वयकों ने भी आयोजन में सहयोग किया।







Share on Facebook Share on WhatsApp