एन आई एन,
पिथौरागढ़। गुरना पाषाण देवी मंदिर के समीप प्राकृतिक झरने के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग में लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं। इससे राहगीरों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्राकृतिक झरने के सौंदर्यीकरण का कार्य भी लंबे समय से अधूरा पड़ा है।
प्राकृतिक झरना पर्यटकों और स्थानीय लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। सड़क की बदहाल स्थिति और अधूरे सौंदर्यीकरण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं तराई विकास सहकारी संघ कुमाऊं के निदेशक राजेंद्र भट्ट ने संबंधित विभाग से राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत के साथ ही झरने के अधूरे सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।