एन आई एन,
पिथौरागढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को शहर के प्रमुख मॉल और स्मार्ट बाजारों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के 10 नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेजे हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा आरके शर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और टीम ने लिंक रोड स्थित शौर्य स्टोर, तपोवन बैंक रोड स्थित रिलायंस स्मार्ट बाजार और विशाल मेगा मार्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान तीन दाल, दो चीनी, दो पैकेज्ड वाटर, एक दूध, एक मिठाई और एक चावल का नमूना लिया गया।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित विक्रेता, निर्माता अथवा विपणनकर्ता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।