एन आई एन,
पिथौरागढ़। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से नगर निगम सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उन्हें सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के आदर्श और नई पीढ़ी के प्रेरणास्रोत हैं। उनके अनुभव और संघर्षों से समाज को मार्गदर्शन मिलता है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में मेयर कल्पना देवलाल, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी हरीश आर्या समेत वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।