एन आई एन,
पिथौरागढ़। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में साइबर सेल पिथौरागढ़ और बेरीनाग पुलिस ने म्यूल अकाउंट गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों के बैंक खातों में 1.86 करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि जमा हुई थी। जांच में प्रवीण कुमार के खाते में 27.80 लाख रुपये और कविन्द्र कुमार के खाते में 1.58 करोड़ रुपये की संदिग्ध रकम क्रेडिट होने का पता चला। पुलिस ने दोनों को बेरीनाग क्षेत्र से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए।
इस मामले में इससे पहले पवन कुमार और प्रियांश कुमार को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों के खातों में क्रमश: 12.35 लाख और 1.04 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि मिली थी। पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम को इधर-उधर करने के लिए इन बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था। चारों आरोपियों के खातों में सामने आई संदिग्ध धनराशि 2.03 करोड़ रुपये से अधिक है। मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।