एन आई एन,
पिथौरागढ़। डॉ. आरएस टोलिया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुनस्यारी के छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा रहा। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर एकल नामांकन होने से सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं एबीवीपी की ओर से किसी भी पद पर प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा गया।
एनएसयूआई समर्थित अध्यक्ष पद पर भूपेश बिष्ट, उपाध्यक्ष पद पर कांता, संयुक्त सचिव पद पर खुशबू कोरंगा, कोषाध्यक्ष पद पर हिमांशी मर्तोलिया और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर कमलेश ढोक्टी निर्विरोध निर्वाचित हुए। महासचिव, छात्रा उपाध्यक्ष और सांस्कृतिक सचिव पद के लिए कोई नामांकन नहीं हुआ।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. राहुल पांडेय, चुनाव प्रभारी अमित टम्टा और मीडिया प्रभारी डॉ. रिफाकत अली ने निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।
एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस और एनएसयूआई की रणनीति के साथ प्रदेश महासचिव यूथ कांग्रेस मयंक धामी, जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, ब्लॉक अध्यक्ष दान सिंह बगरी, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष चंदन धर्मशक्तू और जिलाध्यक्ष विक्रम दानू के सहयोग से संगठन को मजबूती मिली। उन्होंने कहा कि छात्रों ने एनएसयूआई के पक्ष में समर्थन जताया।
विधायक हरीश धामी ने भी निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर नव निर्वाचित टीम के साथ चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। एनएसयूआई की जीत पर ब्लॉक प्रमुख डॉ. कविता महर, विधायक प्रतिनिधि जगत महर, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रमोद द्विवेदी समेत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बधाई दी।