एन आई एन,
पिथौरागढ़। ओगला में सोमवार से 18वां शहीद बलवंत सिंह जिमिवाल स्मृति वॉलीबाल टूर्नामेंट शुरू हो गया। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान ओगला ने जौरासी को 25-18, 23-25 और 25-16 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया।
मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ ऐसे आयोजन खिलाड़ियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। इस मौके पर कुमाऊं स्काउट धारचूला के कैप्टन सूर्यांश और मानद लेफ्टिनेंट होशियार सामंत ने शहीद बलवंत सिंह जिमिवाल की माता गोविंदी देवी को 20 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। आयोजक रंजीत जिमिवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में 27 टीमें भाग ले रही हैं। फाइनल मुकाबला 2 अक्टूबर को खेला जाएगा। उद्घाटन मैच के निर्णायक किशोर शाह और विक्रम बिष्ट रहे। संचालन शिक्षक गोविंद भंडारी ने किया।