एन आई एन,
पिथौरागढ़। उत्तराखंड अध्यापक पात्रता परीक्षा (यूटीईटी)-2026 मंगलवार को जिले में दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा के लिए तहसील पिथौरागढ़ में पांच केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम पाली सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से शाम 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की है।
निषेधाज्ञा के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में कोचिंग सेंटर और फोटो कॉपी/प्रिंटिंग की दुकानें भी परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी।
केएनयू जीआईसी को नोडल केंद्र बनाया गया है। इसके अलावा एसडीएस जीआईसी, गंगोत्री गर्ब्यांल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मिशन इंटर कॉलेज और एलडब्ल्यूएस राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भाटकोट परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एसडीएम जितेंद्र वर्मा के आदेश के अनुसार निषेधाज्ञा सुबह नौ बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रभावी रहेगी।