एन आई एन,

पिथौरागढ़। नगर के लिंठ्यूड़ा क्षेत्र में पानी भरने को लेकर हुआ विवाद अचानक बढ़ गया। पड़ोस में रहने वाली महिला और उसकी विवाहित बेटी पर एक महिला के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार चल रहा है। चंडाक के जमतड़ी निवासी 26 वर्षीय इंद्रा देवी पत्नी संजय नाथ लिंठ्यूड़ा में किराये के मकान में रहती हैं। बताया गया कि पानी भरने को लेकर उनके साथ उसी मकान में रहने वाली महिला और उसकी बेटी के साथ कहासुनी हो गई, और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने इंद्रा देवी के साथ जमकर मारपीट की, जिससे इंद्रा देवी के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटे आई है, जिस कारण वह घायल होकर बेहोश हो गईं।

घटना की जानकारी मिलने पर उनके पति घर पहुंचे। पत्नी को बेहोश देखकर उन्होंने पानी के छींटे मारकर होश में लाने का प्रयास किया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। पीएमएस डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि महिला का उपचार चल रहा है और उसकी हालत में सुधार है।

इधर, इंद्रा देवी के पति ने पड़ोस में रहने वाली महिला और उसकी बेटी के खिलाफ 112 के माध्यम से पुलिस को जानकारी दी है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इंद्रा देवी के छह और तीन वर्ष की दो बेटियां तथा एक वर्ष का बेटा है। मां के अस्पताल में भर्ती होने के बाद बच्चे सहमे हुए हैं। उनकी देखरेख के लिए परिजन भी पिथौरागढ़ पहुंच गए हैं।







Share on Facebook Share on WhatsApp