एन आई एन,

पिथौरागढ़। धारचूला तहसील के दुग्तू ग्राम सभा के बोन गांव निवासी पुष्कर सिंह का पुत्र आर्यन सिंह 26 सितंबर को बुग्यालों में बकरियां चराने गया था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बर्फ में पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरा।

देर शाम तक आर्यन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रविवार को खोजबीन के दौरान उसका शव खाई में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्य उपनिरीक्षक तनुज चन्याल के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

रविवार देर शाम तक टीम दारमा घाटी स्थित घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई थी। टीम द्वारा शव को धारचूला तहसील मुख्यालय लाया जाएगा, जिसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि शव मंगलवार तक धारचूला पहुंचने की संभावना है।







Share on Facebook Share on WhatsApp