एन आई एन,
पिथौरागढ़। जनपद में ग्राम प्रधान के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के 285 रिक्त पदों पर उप निर्वाचन-2026 कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर और एक अक्टूबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक नामांकन होंगे। तीन अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच, चार अक्टूबर को नाम वापसी और पांच अक्टूबर को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 14 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित विकासखंडों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड डीडीहाट की ग्राम पंचायत खेतार कन्याल तथा मुनस्यारी की रिंगौनिया में ग्राम प्रधान पद के लिए चुनाव होगा। वहीं सदस्य ग्राम पंचायत के रिक्त पदों में बिण में 49, मूनाकोट में 41, कनालीछीना में 36, डीडीहाट में 22, धारचूला में 11, मुनस्यारी में 47, बेरीनाग में 28 और गंगोलीहाट में 51 पद शामिल हैं।