बारिश थमने से फिर पहाड़ दरकने लगे
एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले में मौसम साफ होने के बावजूद धूप आने से सड़कों पर मलबा गिरने का सिलसिला जारी है। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग चंपावत जिले में मुर्गी फार्म के पास भारी मलबा आने से बंद हो गया है। वहीं झूलाघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर जमिरपानी के पास पहाड़ी दरकने से सड़क बंद हो गई है। दोनों मार्गों के बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। दिल्ली और देहरादून जाने वाली रोडवेज बसें भी झूलाघाट मार्ग में फंसी हुई हैं।

सुबह टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग मीनाबाजार के पास मलबा आने से करीब एक घंटे बाधित रहा, जिसे लगभग 7:30 बजे खोल दिया गया। दिल्ली बैंड और मुन्ना बैंड में भी रुक-रुककर मलबा आने से यातायात प्रभावित हो रहा है। जिले में 11 ग्रामीण सड़कें और धारचूला-गुंजी मार्ग भी कई स्थानों पर बंद हैं। काली और सरयू नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार झूलाघाट-पिथौरागढ़ मार्ग को शाम तक खोलने के प्रयास किए जाएंगे। अभी मौके पर मशीन नहीं पहुंची है। वहीं चंपावत जिले में बंद राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जल्द बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है।
हालांकि 10:15 के आसपास चंपावत जिले में भी सड़क खुल गई थी।