एन आई एन,
पिथौरागढ़। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुन्ना बैंड के पास करीब 43 घंटे से बंद यातायात रविवार शाम करीब 3:30 बजे बहाल हो गया। शुक्रवार रात करीब 10 बजे मलबा आने से मुन्ना बैंड के पास हाईवे बंद हो गया था। दो दिन से सैकड़ों यात्री और वाहन फंसे हुए थे। मार्ग खुलने के बाद फिलहाल एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू की गई है। मौके पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
इससे पहले राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिल्ली बैंड के पास भी मलबा आने से यातायात बाधित हुआ था। जिसे बाद में खोल दिया गया। एसडीआरएफ और घाट पुलिस के जवानों ने रविवार को भी यात्रियों को एक सड़क से दूसरी सड़क तक पहुंचाने में मदद की। घाट चौकी के हेड कांस्टेबल उमेश सती के नेतृत्व में पुलिस ने घाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था कमान संभाली थी।, यात्रियों ने पुलिस टीम का आभार जताया है। लाइफलाइन कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के खुलने से जिला प्रशासन, एन एच और यात्रियों ने राहत की सांस ली है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे तक जिले में बारिश होती रही। इसके बाद मौसम खुला, लेकिन आसमान में फिर बादल बनने लगे हैं। ऐसे में दोबारा बारिश की आशंका बनी हुई है। लौटते मानसून के कारण जिले में लगातार सड़कें बंद होने और खुलने का सिलसिला जारी है।