एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिले में शुक्रवार शाम से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के बाद आठ ग्रामीण सड़कें और तीन प्रमुख मार्ग बंद हो गए हैं। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग मुन्ना बैंड के पास शुक्रवार रात करीब 10 बजे से मलबा और लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण बंद है। धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग कुलागाड़ के पास तथा तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग भी बंद है। जिले में सबसे अधिक 56 मिमी बारिश पिथौरागढ़ तहसील में दर्ज की गई, जबकि सबसे कम 11 मिमी बारिश गंणाई में हुई। घाट-पनार मोटर मार्ग खुला है, और मुन्ना बैंड से पिथौरागढ़ और घाट से लोहाघाट-टनकपुर मार्ग पर भी यातायात सुचारु है। सुरक्षा की दृष्टि से एचोली में बैरियर अभी भी लगा हुआ है।
एनएच अधिकारियों के अनुसार बारिश थमने के बाद मुन्ना बैंड के पास मलबा हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि घाट क्षेत्र में अभी भी तेज बारिश जारी है। एनएच बंद होने से पिथौरागढ़ नगर में फल, सब्जी, दूध और अखबार जैसी आवश्यक सामग्री लेकर आने वाले वाहन भी प्रभावित हुए हैं। बारिश को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही अलर्ट जारी कर रखा है और शनिवार को नगर क्षेत्र में स्कूल भी बंद रखे गए हैं।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने जिले के लोगों से आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। उन्होंने नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने के मद्देनजर किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के पास नहीं जाने की अपील की है। वहीं, आदि कैलाश यात्रा पर गए दलों को सुरक्षा के मद्देनजर गुंजी में ही रोक दिया गया है। पिथौरागढ़ नगर समेत जिले के कई हिस्सों में शनिवार सुबह भी तेज बारिश जारी है।