एन आई एन,
पिथौरागढ़। नगर से लगे जाजरदेवल क्षेत्र में एक कारपेंटर ने पूर्व फौजी के घर का लाकर तोड़कर 5 तोला सोना उड़ा लेने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार जाजरदेवल थाना क्षेत्र के सुजई गांव में रहने वाले एक पूर्व फौजी ने पिछले दिनों धमोरा, रामपुर निवासी कारपेंटर 37 वर्षीय अहमद नबी से घर में मॉड्यूलर किचन का काम करवाया था। इसके बाद वह परिवार सहित अपनी दूसरी नौकरी के लिए बेंगलुरु चले गए थे।
बीते रोज लोगों ने उनके घर का ताला टूटा हुआ देखा, साथ ही कुछ सामान गिरा हुआ देखा और इसकी सूचना उन्हें फोन पर दी। उन्होंने पड़ोस में रहने वाले अपने साडू भाई रमेश धामी को घर भेजा। रमेश धामी ने घर का लॉकर टूटा हुआ देखा लॉकर से चौकर, मोतियों की माला, लाल छोटी मालाएं सहित करीब 5 तोला सोना गायब था। लॉकर में रखा अन्य क्या-क्या सामान गायब है यह भवन स्वामी की आने के बाद पता चलेगा भवन स्वामी बेंगलुरु से पिथौरागढ़ के लिए निकल चुके हैं, इधर रमेश धामी ने इसकी सूचना जाजरदेवल थाने में दी। थाना प्रभारी प्रकाश पांडे ने सुराग लगाकर आरोपी अहमद नबी को चोरी की वारदात के 6 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5 तोला सोना बरामद कर लिया गया है। सामान की पहचान रमेश सिंह धामी की पत्नी ममता धामी ने की उन्होंने बताया कि यह सारा सामान उनकी बहन मंजू धामी का है। चोरी की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता गांव पहुंचे और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस से अहमद नबी के सत्यापन की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि अहमद नबी ने सत्यापन कराया हुआ है और वह पिछले 15 वर्षों से पिथौरागढ़ में काम कर रहा है। पुलिस उसके पिछले इतिहास को भी खगाल रही है इधर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंड़े ने कहा है कि मजदूरों से काम कराने से पहले उनका सत्यापन अवश्य देख लें। पुलिस अधीक्षक ने पकड़ने वाली टीम को 2500 रूपएं ईनाम देने की घोषणा की है।