एन आई एन,
पिथौरागढ़। तपोवन विद्यास्थली में हिंदी दिवस पर सोमवार को ‘प्रवाह हिंदी कार्निवल-2026 : शब्दों से संस्कृति तक’ का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि प्रशासनिक अधिकारी निकिता भसीन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कवि सम्मेलन, रंगोली और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहे।
विद्यार्थियों ने हरिवंश राय बच्चन, सुभद्रा कुमारी चौहान, महादेवी वर्मा और रामधारी सिंह दिनकर समेत कई साहित्यकारों का रूप धारण कर कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। बच्चों को हिंदी साहित्य के नवरसों की जानकारी भी दी गई। समापन पर विद्यालय संस्थापक एवं अधिवक्ता मनोज कुमार जोशी ने रश्मिरथी की ओजपूर्ण पंक्तियों का वाचन कर विद्यार्थियों को निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।