एन आई एन,
पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें सड़क, राशन कार्ड, जलापूर्ति, रोजगार सृजन समेत विभिन्न विभागों से संबंधित 37 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राथमिकता से मिले। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी देने तथा प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।