एन आई एन,

पिथौरागढ़। किराना घराने की प्रसिद्ध गायिका स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती पर लोक विरासत जनजातीय एवं लोक कला समिति और हिंदुस्तानी क्लासिकल परफॉर्मिंग आर्ट्स डिवीजन ने ‘स्वरयोगिनी पद्मविभूषण डॉ. प्रभा अत्रे संगीत प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना’ शुरू की। समिति की निदेशक डॉ. पूजा पाण्डेय पुनेठा ने बताया कि छात्रवृत्ति प्रतिवर्ष डॉ. प्रभा अत्रे की जयंती पर संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को दी जाएगी। 

दो अलग-अलग श्रेणियों में एक-एक मेधावी विद्यार्थी का चयन किया जाएगा। उपनिदेशक डॉ. रमा खर्कवाल भट्ट ने बताया कि योजना का लाभ पिथौरागढ़ के सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत संगीत के विद्यार्थियों को मिलेगा। आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाओं को संगीत शिक्षा जारी रखने में मदद करना इसका उद्देश्य है। समिति के संस्थापक अध्यक्ष पीयूष धामी ने बताया कि आवेदनों की जांच विशेषज्ञ निर्णायक समिति करेगी और प्रतिभा के आधार पर चयन किया जाएगा। नवंबर के प्रथम सप्ताह में कार्यक्रम आयोजित कर चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।



Share on Facebook Share on WhatsApp