एन आई एन,

पिथौरागढ़। विकासखंड बिण की प्राथमिक एवं सब-जूनियर वर्ग की बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता लक्ष्मण सिंह महर परिसर खेल मैदान में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में नौ न्याय पंचायतों के प्रतिभागियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। एलएसएम परिसर निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडे ने गत वर्ष के चैंपियन बालक आयुष कुमार को मशाल सौंपकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 

सब-जूनियर बालक वर्ग में हिमांशु कुमार ने 100 मीटर, 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियन का खिताब जीता। जीवन सिंह ने ऊंची कूद व चक्का क्षेपण में प्रथम और गोला क्षेपण में द्वितीय स्थान हासिल किया। प्राथमिक वर्ग में राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिंठयूड़ा के आदर्श कुमार 100, 200 और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर व्यक्तिगत चैंपियन बने। सब-जूनियर बालिका वर्ग में तनुजा भट्ट ने 100 और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। मुख्य अतिथि डॉ. पांडे ने विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया और जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक खेल समन्वयक प्रारंभिक शिक्षा देवेंद्र सिंह बिष्ट ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सभी शिक्षकों, सीआरपी और एलएसएम परिसर प्रबंधन का आभार जताया। जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 15 सितंबर को स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू में होगी।



Share on Facebook Share on WhatsApp