एन आई एन,
पिथौरागढ़। जागृति कॉलोनी और पदमपुर कॉलोनी के क्षेत्रवासियों के लिए दयानंद विद्यालय में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ शुगर, बीपी, एक्स-रे सहित अन्य आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जांच के बाद चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी वितरित कीं।
पार्षद पवन पाटनी ने कहा कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है। नियमित जांच और समय पर उपचार से कई बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए ऐसे शिविरों को जनहित में उपयोगी बताया।
शिविर में मेयर कल्पना देवलाल, दायित्वधारी गणेश भंडारी, पार्षद पंकज बिष्ट, विद्यालय प्रबंधक गंगा दत्त जोशी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।