एन आई एन

​पिथौरागढ़। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय झूलापुल पर एसएसबी की रूटीन चेकिंग के दौरान एक नेपाली नागरिक से 2 लाख 40 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी बरामद की गई है।

​मिली जानकारी के अनुसार 10 सितंबर को झूलापुल पर तैनात एसएसबी जवानों ने चेकिंग के दौरान मजदूर कमल साऊद निवासी- वार्ड नंबर 6, पुरचूड़ी, जिला बैतड़ी, नेपाल को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 2,40,000 रुपये की नगदी बरामद हुई।

मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कमल सऊद से रकम के संबंध में पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि यह धनराशि नेपाल के  वार्ड नंबर 8, त्रिपुरा जिला बैतड़ी निवासी संजय सिंह की है। संजय सिंह, जो कि नेपाल में लाइसेंसी शराब की दुकान चलाता हैं, को मौके पर बुलाया गया।

​संजय सिंह से पैसों के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि यह राशि मुंबई वाडला ईस्ट, पंचशील निवासी श्रीमती माया भंडारी जरूरी कार्य के लिए भेजी जानी थी।

​मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी के उच्च अधिकारियों और झूलाघाट पुल पर तैनात कस्टम विभाग के अधिकारियों के बीच बातचीत हुई। फिलहाल एसएसबी द्वारा बरामद 2.40 लाख रुपये की धनराशि का फर्द चालान बनाया जा रहा है, जिसके बाद इसे आगे की विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सुपुर्द किया जाएगा। अग्रिम कार्रवाई कस्टम विभाग द्वारा की जाएगी।



Share on Facebook Share on WhatsApp