एन आई एन,

​पिथौरागढ़। नगर के ऐंचोली स्थित शिव कॉलोनी में एक बेकाबू और तेज़ रफ़्तार स्कूटी ने चार साल की बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय निवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

​मिली जानकारी के अनुसार, शिव कॉलोनी निवासी राधा वल्दिया अपने डेढ़ वर्षीय छोटे बेटे को गोद में लिए और चार वर्षीय बेटी हर्षिता का हाथ थामे घर से बाहर कूड़ा फेंकने जा रही थीं। इसी दौरान चुंगी के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज़ रफ़्तार स्कूटी ने हर्षिता को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि बच्ची सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गई, जिससे मौके पर अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

​बच्ची के पिता भुवन सिंह वल्दिया ने स्कूटी चालक पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि इस हादसे से पूरा परिवार शारीरिक और मानसिक रूप से बेहद आहत है। परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से 'हिट एंड रन' प्रावधानों के तहत पीड़ित बच्ची को उचित मुआवजा दिलाने की भी पुरजोर मांग की है।

​उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मामले की जांच और अज्ञात स्कूटी चालक की तलाश में जुट गई है।



Share on Facebook Share on WhatsApp