एन आई एन,
पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र में फर्जी दस्तावेजों पर सिम एक्टिवेट करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष प्रसाद बगौली निवासी ग्राम सेली (जुम्मा), धारचूला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार संतोष फर्जी आईडी के आधार पर सिम कार्ड एक्टिवेट कर रहा था। मामले में कोतवाली धारचूला में धारा 318(4) बीएनएस और धारा 42 दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक अभियान के तहत अब तक पांच एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1183 सिम, सात मोबाइल और 63 आधार कार्ड जब्त किए जा चुके हैं। वहीं 95 सिम और 157 मोबाइल नंबर ब्लॉक कराए गए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे टैफकोप पोर्टल के माध्यम से अपने नाम पर सक्रिय सिम कार्डों की जांच करें और कोई अनजान नंबर मिलने पर तत्काल रिपोर्ट करें।