एन आई एन,

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मंगलवार रात जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, सुरक्षा, कर्मचारियों की ड्यूटी और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति देखी। कुछ व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण जगह पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने ईएनएस एम. लॉरेंस, सुचित्रा ग्वाल, नर्सिंग ऑफिसर और वीर राम, पीआरडी के अस्पताल में अनुपस्थित पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं बसंती मेहता से जवाब मांगने को कहा।

उन्होंने पीएमएस डॉ. डीपी सिंह को अस्पताल की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर नियमित नजर रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी कर्मचारियों को ड्यूटी चार्ट के अनुसार काम दिया जाए और उनकी जिम्मेदारी तय की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी समय पर और जिम्मेदारी से करें। आगे लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके साथ आए लोगों से बातचीत कर उपचार, दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की समस्याओं का जल्द समाधान करने और जरूरी दवाइयां व उपचार समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

डीएम ने घाट-पनार सड़क हादसे में घायल होकर जिला अस्पताल में भर्ती मरीज का हाल भी जाना। उन्होंने डॉक्टरों से मरीज की हालत और चल रहे उपचार की जानकारी ली और मरीज को बेहतर इलाज देने के निर्देश दिए।



Share on Facebook Share on WhatsApp