एन आई एन,
पिथौरागढ़। गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा ने विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं की समीक्षा की। सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में करीब 5000 निर्माण श्रमिकों का पंजीकरण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में करीब 400 निर्माण श्रमिकों ने सीएससी के माध्यम से पंजीकरण कराया था, लेकिन सेवा बंद होने के कारण उनके आवेदनों पर अब तक विभागीय स्तर से कार्रवाई नहीं हो सकी है।
विधायक ने सहायक श्रम आयुक्त को एक सप्ताह के भीतर विशेष पंजीकरण शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बैठक में राज्य स्तरीय समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त दीपक नेवलिया, सहायक श्रम आयुक्त दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप कुमार बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।