बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, 20 ग्रामीण सड़कें बंद
राष्ट्रीय राजमार्ग खुला, दिल्ली बैंड पर पत्थर गिरने से रुक-रुककर रोका जा रहा यातायात
एन आई एन,
पिथौरागढ़। रविवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण जिले में जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश और मलबा आने से करीब 20 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। हालांकि टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह खुला है। दिल्ली बैंड के पास पहाड़ी से रुक-रुककर पत्थर गिर रहे हैं। पत्थर आने के दौरान यातायात रोक दिया जा रहा है और मलबा-पत्थर हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु की जा रही है।
रात में मटेला के पास बंद हुआ मार्ग भी खोल दिया गया है। घाट से टनकपुर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है।
वहीं घाट-अल्मोड़ा मोटर मार्ग घाट से करीब एक किलोमीटर आगे मलबा आने से बंद हो गया है। सड़क खोलने का काम चल रहा है और इसे सुबह करीब 10 बजे तक खोलने का लक्ष्य रखा गया है।
बॉर्डर रोड में धारचूला-तवाघाट मार्ग कुलागाड़ के पास बंद है। इसके अलावा तवाघाट-गुंजी सड़क पर चार से पांच स्थानों पर मलबा आने से यातायात बाधित है।
लगातार बारिश को देखते हुए पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। पिथौरागढ़ में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने में जुटे हुए हैं। प्रशासन में बारिश के दौरान आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।